बिलासपुर। पीएमश्री राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत, पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय, बिलासपुर के 410 विद्यार्थियों ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम तारामंडल का शैक्षिक भ्रमण किया। 16 अनुरक्षक शिक्षकों के निर्देशन में आयोजित इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान और खगोल विज्ञान के प्रति रुचि जागृत करना था।

सुबह 9:15 बजे से दोपहर 2:45 बजे तक दो चरणों में आयोजित इस यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने तारामंडल के माध्यम से ब्रह्मांड, ग्रहों, तारों और अंतरिक्ष के रहस्यों को समझा। पहले सत्र में तारामंडल के गाइड ने खगोल विज्ञान का परिचय देते हुए इसके महत्व पर चर्चा की। इसके बाद विद्यार्थियों को “हमारा ब्रह्मांड” नामक एक विशेष शो दिखाया गया, जिसमें थ्री-डी एनिमेशन के माध्यम से सौरमंडल, ग्रहों की कक्षाओं और उनके आकार-प्रकार की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम प्रभारी शिक्षक सौमेन दासगुप्ता ने विद्यार्थियों को भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम और अंतरिक्ष अन्वेषण के क्षेत्र में हो रही प्रगति के बारे में प्रेरक जानकारी दी। शो के बाद विद्यार्थियों ने अपने जिज्ञासापूर्ण सवालों के जवाब शिक्षकों से प्राप्त किए। सवालों में “ब्लैक होल क्या है?”, “अंतरिक्ष में जीवन की संभावना क्या है?” और “तारों का जन्म कैसे होता है?” जैसे विषय शामिल थे।
विद्यार्थी अंश राज और रीतिका मोटवानी ने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस भ्रमण ने उन्हें ब्रह्मांड के रहस्यों को समझने का अवसर दिया। वहीं आयुष दुबे और भूमि राठिया ने कहा कि ऐसे शैक्षिक भ्रमण विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ ज्ञानवर्धन में सहायक होते हैं।
प्रधानाचार्य उमेश कुर्रे ने बताया कि पीएमश्री विद्यालय विद्यार्थियों में वैज्ञानिक चेतना विकसित करने और उनके समग्र विकास के लिए इस प्रकार की गतिविधियों को प्रोत्साहित करता रहेगा।