बिलासपुर। नवरात्रि के पावन पर्व पर सर्वविप्र महिला समाज की ओर से रविवार, 11 अक्टूबर को बंसीवाला, रामा मैग्नेटो मॉल के सामने धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मां शैलपुत्री की आराधना के साथ कुमकुमार्चन पूजा, कन्या भोज और डांडिया-गरबा का आयोजन हुआ। इस दौरान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद विधि-विधान से कुमकुमार्चन पूजा संपन्न कराई गई। कन्या भोज के माध्यम से कन्याओं का सम्मान किया गया। वहीं, डांडिया और गरबा में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में फलाहार एवं भोजन की भी व्यवस्था की गई थी। समारोह में समाज की अध्यक्ष ऋचा पाठक सहित श्रुति पांडेय, गायत्री शुक्ला, वर्षा तिवारी, अंशुल पांडेय, श्वेता शुक्ला, गायत्री तिवारी, प्रेमलता तिवारी, सविता पांडेय, अल्का पांडेय, वर्षा दुबे और विजयलक्ष्मी शर्मा सहित अन्य महिलाएं शामिल हुईं।

वहीं, शिखा दुबे, इंदु दीवान, पार्वती दुबे और पूजा मिश्रा ने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग किया। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं को संरक्षित करने के साथ महिलाओं के बीच आपसी सौहार्द, एकजुटता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना था। आयोजन में महिलाओं की सहभागिता से नवरात्रि का उत्सव भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।
