निशांत तिवारी
बिलासपुर – सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित सिम्स अस्पताल परिसर से लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने 5 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं और एक खरीददार सहित दो अपचारी बालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
सरकंडा क्षेत्र में खूब फल फूल रहा कबाड़ का धंधा, चोरी भी लगातार बढ़ रही, लाइनअप से हो रहा पूरा खेल
पुलिस के अनुसार, सिम्स अस्पताल परिसर से लगातार दोपहिया वाहन चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों पर अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच की जा रही थी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस, सरकंडा थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान 27 जनवरी 2026 को सरकंडा थाना के सामने वाहन चेकिंग के समय दो अपचारी बालक शराब के नशे में एक्टिवा चलाते पकड़े गए। वाहन की जांच करने पर वह चोरी का निकला। पूछताछ में दोनों ने सिम्स अस्पताल परिसर से कई मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अलग-अलग समय में एक्टिवा, पल्सर, एचएफ डीलक्स, हीरो होंडा पैशन प्रो और एक बिना नंबर की एक्टिवा चोरी की थी। इनमें से पैशन प्रो मोटरसाइकिल उन्होंने अल्ताफ उर्फ मोमिन नामक व्यक्ति को मात्र दो हजार रुपये में बेच दी थी। पुलिस ने उक्त खरीददार को भी गिरफ्तार कर लिया है।
इन बाइक को चोरों के कब्जे से किया गया जब्त
पुलिस ने इस गिरोह से एक्टिवा – CG12-AJ-5669, पल्सर – CG10-AB-4435, एचएफ डीलक्स – CG10-AG-3732, हीरो होंडा पैशन प्रो – CG10-EK-3906, एक काले रंग की एक्टिवा (बिना नंबर) की वाहनों को जब्त किया है। वहीं पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर सभी पांच वाहन बरामद कर लिए हैं तथा दोनों अपचारी बालकों को विधिवत अभिरक्षा में लिया गया है।
