बिलासपुर। जिले में कई अंदरुहनी इलाकों में जुआरियों का लुकाछिपी खेल चल रहा है। बड़ी संख्या में जुआरी एक बार फिर से सक्रिय हो चुके हैं। एक-दो जगह पुलिस ने रेड भी मारी, लेकिन भनक जुआरियों को लग गई थी। इसलिए वहां से रफू चक्कर हो गए। हालांकि पुलिस जिले भर में अवैध कार्य करने वालों को बक्श नहीं रही है। पर जुआरियों का आज यहां तो कल वहां का खेल जारी है। अब इस पर लगाम कैसे लगेगा ?

जिले के रतनपुर, सरकंडा, सीपत और कोनी थाना क्षेत्रों में कथित तौर पर जुए के फड़ संचालित होने की चर्चाएं जोरों पर हैं। सवाल यह है कि जब कार्रवाई की जा रही है, तब आखिर यह खेल किसके भरोसे बेखौफ चल रहा है? सूत्रों की माने तो विशेष रूप से कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम जलसों और पौसरा के अंदरूनी इलाके में हरदिन अलग-अलग स्थानों पर जुए का महफिल सजाई जा रही है। खास बात यह है कि हर दिन जगह बदलकर जुआ खिलाया जाता है, जिससे कार्रवाई से बचा जा सके।
इन नामों की चर्चा जोरों पर
सूत्र बताते हैं कि कथित रूप से इन जुए के फड़ों का संचालन योगी, बिसवा, राका और हरीश नाम के लोगों द्वारा किया जा रहा है। स्थानीय चर्चाओं के अनुसार इस पूरे नेटवर्क के पीछे एक कथित सफेदपोश पार्टनर की भी भूमिका बताई जा रही है, जो सामने नहीं आता है। यह खेल पर्दे के पीछे से गतिविधियों का संचालन करने की चर्चा है। हालांकि अब देखना होगा कि किस पर गाज गिरती है। यानी कहां – कहां पर कार्रवाई होती है या फिर यह खेल चलता रहेगा। नोट – इस खबर को सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लगाया गया है, जैसा कि हमारे सूत्र ने जानकारी दी है।
