डेस्क –बिलासपुर। क्षेत्र में प्रस्तावित कोल वाशरी परियोजना को लेकर आयोजित जनसुनवाई में स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों की बड़ी संख में भागीदारी रही। जनसुनवाई के दौरान रोजगार, क्षेत्रीय विकास और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर लोगों ने अपनी उम्मीदें व्यक्त कीं। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, परियोजना प्रबंधन, जनप्रतिनिधियों और आसपास के गांवों के नागरिकों की उपस्थिति रही। इस दौरान परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए पर्यावरण संरक्षण, रोजगार सृजन, सामाजिक विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर प्रकाश डाला गया।

स्थानीय युवाओं ने कहा कि लंबे समय से रोजगार के सीमित अवसरों के कारण क्षेत्र के युवाओं को बाहर जाना पड़ता है। उनका मानना है कि कोल वाशरी परियोजना शुरू होने से स्थानीय स्तर पर प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। युवाओं ने तकनीकी, प्रशासनिक, परिवहन तथा अन्य सहायक क्षेत्रों में रोजगार सृजन की संभावना जताई। ग्रामीणों ने भी परियोजना का समर्थन करते हुए कहा कि औद्योगिक विकास के साथ सड़क, बिजली, पानी और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होता है, जिसका लाभ पूरे क्षेत्र को मिलता है। इस दौरान स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने तथा कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करने की मांग भी उठाई गई। जनसुनवाई में परियोजना के संभावित पर्यावरणीय प्रभावों पर भी चर्चा हुई।
पर्यावरणीय मानकों और आधुनिक तकनीकों के अनुरूप होगा संचालन
अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने बताया कि परियोजना का संचालन निर्धारित पर्यावरणीय मानकों और आधुनिक तकनीकों के अनुरूप किया जाएगा। प्रदूषण नियंत्रण, जल संरक्षण तथा हरित क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक उपाय किए जाने की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने अपने सुझाव एवं मांगें प्रशासन और परियोजना प्रबंधन के समक्ष रखीं। शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हुई जनसुनवाई में युवाओं का उत्साह और सहभागिता प्रमुख आकर्षण रही। स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई कि परियोजना के क्रियान्वयन से क्षेत्र में रोजगार, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा विकास के नए अवसर सृजित होंगे।
