बिलासपुर। अरपा पार सरकंडा क्षेत्र में चल रहा लिंगियाडीह बस्ती बचाओ आंदोलन अब तक का सबसे बड़ा जन आंदोलन बन गया है। यह आंदोलन लगातार 100 दिनों तक जारी रहने के बाद भी थमता नजर नहीं आ रहा है। आंदोलन के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर अरपा पार में स्थानीय लोगों और युवा कांग्रेस ने रविवार की रात मशाल जलाकर आंदोलन को समर्थन दिया गया।

रविवार शाम करीब 8 बजे, लिंगियाडीह में आंदोलन के समर्थन में विशाल मशाल श्रृंखला बनाकर मशाल जुलूस निकाला गया और सांकेतिक प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आंदोलन को समर्थन देने के लिए बिलासपुर शहर के पूर्व विधायक शैलेश पांडे भी मशाल जुलूस में शामिल हुए। उन्होंने आंदोलनकारियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि लिंगियाडीह बस्ती के लोगों के हक और अधिकारों की लड़ाई में वे हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे। इस मौके पर वार्ड पार्षद यशोधरा पाटिल, दिलीप पाटिल, विनय ‘पिंकू’ पांडे, सूर्यमनी तिवारी, ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष हिमांशु राई, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष मयंक सिंह गौतम, महासचिव सोमी ध्रुव, राहुल कश्यप, सुयश यादव, प्रदीप धनकर, सूरज कौशिक, कुनाल महंत सहित सैकड़ों की संख्या में आम नागरिक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
आंदोलनकारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक लिंगियाडीह बस्ती बचाओ आंदोलन जारी रहेगा।
