बिलासपुर। बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के मल्हार चौकी अंतर्गत लीलागर नदी में गुरुवार सुबह एक ग्रामीण की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक बीते तीन दिनों से लापता था, जिसकी तलाश परिजन और ग्रामीण कर रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर जांच शुरू कर दी है।

मस्तूरी थाना क्षेत्र के मल्हार चौकी अंतर्गत गुरुवार सुबह ग्रामीण जब लीलागर नदी के किनारे पहुंचे तो उनकी नजर पानी में तैरती हुई एक लाश पर पड़ी। यह देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला।

पहचान कराए जाने पर मृतक की पहचान ईश्वर केंवट (59 वर्ष) पिता छोटू केंवट, निवासी वार्ड नंबर 10 नंदमहल इमलीपारा मल्हार के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि ईश्वर केंवट 2 मार्च की शाम करीब 5 बजे से अग्रवाल के प्लॉट (फार्म हाउस) से लापता थे। उनके लापता होने के बाद परिजन और ग्रामीण लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
